
- Prep Time: ३० minutes
- Cook Time: ३० minutes
- Serving: ३०-३५ चकली
चकली रेसिपी
चकली खासकर के दिवाली के दिनों में बनाया जाने वाला और कभी भी चाय के साथ खाया जाने वाला एक बहुत ही स्वादिष्ट महाराष्ट्रियन स्नैक है। चकली बनाने का आटा जिसे 'भाजणी' कहते हैं वह बाजार में रेडीमेड तो मिलता ही है लेकिन इसे घरपर बनाना भी बहुत आसान है। मगर इस आटे को बिलकुल बारीक पीसना बहुत जरूरी है। इसलिए अगर घरपर प्रोफेशनल मिक्सर ना हो तो इसे चक्की में बिलकुल बारीक पिसवा लीजिए। (मैंने इसे घर पे मिक्सर पर ही बारीक पीसा है।)
चकली करारी बनाने के लिए कुछ टिप्स मैंने रेसिपी के आखिर में बताए हैं। उन्हें चकली बनाने से पहले जरूर पढ़ लीजिए।
Ingredients
- चकली के आटे के लिए :
- चावल - १ कप
- चना दाल - १/२ कप
- उडद की दाल - १/४ कप
- साबुत धनिया - २ टेबलस्पून
- साबुत जीरा - १ टेबलस्पून
- चकली बनाने के लिए :
- तेल - २ & १/२ टीस्पून भाजणी के लिए और तलने के लिए अलग
- तिल - १ टीस्पून
- लाल मिर्च पावडर - स्वादानुसार (करीब १ & १/२ टीस्पून)
- हलदी - १/२ टीस्पून
- नमक - स्वादानुसार ( करीब १ & १/२ टीस्पून)
- चकली का आटा - २ कप
Instructions
'चकली के आटे के लिए (करीब ३ कप आटे के लिए) :
- एक कढ़ाई में चावल को २-३ मिनट तक मध्यम आँचपर थोडासा गुलाबी होने तक भून लीजिए।
- उसी तरह चकली के आटे के लिए आवश्यक बाकी की सामग्री (उडद की दाल, चना दाल, साबुत धनिया और जीरा) को २-३ मिनट तक थोड़े से गुलाबी रंग के दिखने तक भून लीजिए।
- सब भुनी हुई सामग्री मिक्सर या चक्की में बिलकुल बारीक पीस लीजिए।
- तैयार चकली का आटा, तुरंत चकली बनाने के लिए इस्तेमाल कीजिए या फिर फ़्रिज में रखकर कभी भी चकली बनाने के लिए इस्तेमाल कीजिए। (ये आटा एक साल के लिए भी फ्रिज में अच्छा रह सकता है।)
चकली बनाने की कृति :
- एक कढ़ाई में २ कप पानी गरम करने के लिए रख दीजिए।
- उसमे २ & १/२ टीस्पून तेल, लाल मिर्च पावडर, तिल, नमक और हलदी डाल दीजिए।
- जब पानी उबलने लगे तो गैस बंद कर दीजिए और फिर चकली का आटा डालकर अच्छे से मिला लीजिए।
- १५-२० मिनट तक इसे ढककर रख दीजिए और फिर अच्छे से गूंध लीजिए।)
- चकली बनाने की मशीन से ४-५ चकलियाँ चकले पर या पार्चमेंट पेपर पर बना लीजिए। (चकली बनाने की मशीन बाजार में दो तरह की मिलती है जिसके चित्र मैंने नीचे दिखाए हैं. इनमे से कोई भी मशीन आप इस्तेमाल कर सकते हैं।)
नए स्टाइल की मशीन नए स्टाइल की मशीन -
पुराने स्टाइल की मशीन (ऊपर का चित्र) - तलने के लिए एक कढ़ाई में तेल गरम कर लीजिए। तेल का तापमान परखने के लिए थोड़ा सा आटा तेल में डालकर देखिए। अगर ये तैरकर ऊपर आता है तो तेल गरम हो चुका है।
- अब आँच को बारीक से मध्यम रखकर, अब तक बनाई हुई चकलियाँ सुनहरे रंग की होने तक तल लीजिए।
- तलने के बाद पेपर टावेल पर निकाल लीजिए।
- ठंडी होने पर एक हवाबंद डब्बे में भर कर रख दीजिए।
कुछ टिप्स:
- चकली के आटे के लिए चावल और दालें भूनते समय ध्यान रखिए की ये ज्यादा ब्राउन ना हो जाएं। हलका सा गुलाबी रंग दिखने तक ही इन्हें भूनिए और फिर गैस बंद कर दीजिए।
- चकली के आटे को बिलकुल बारीक (पावडर की तरह) पीसीए।
- चकली के आटे के लिए आवश्यक चीजें अलग अलग भी पीस सकते हैं लेकिन आखिर में सब मिलाकर भी एक बार जरूर पीसीए।
- चकली का आटा आप पहले से भी बनाकर फ्रिज में रख सकते हैं। ये एक साल तक भी फ्रिज में अच्छा रह सकता है।
- १५-२० मिनट तक आटे को ढक कर रखने के बाद इसे हाथ से अच्छे से गूंध लेना बहुत जरूरी है। (अगर आपको ये थोड़ा सूखा लग रहा है तो हाथ पर थोड़ा सा पानी लेकर इसे फिर इसे गूंध लीजिए।
- तलते समय हर एक बैच तलने के लिए कम से कम ४-५ मिनिट तो लगने चाहिए, तभी चकली अंदर तक करारी बनेगी। उस हिसाब से गैस को धीमी या बड़ी कर लें।
- अगर तेल में डालने के बाद चकली फ़ैल जाती है तो आटे में २-३ टेबलस्पून और सूखा आटा मिलाकर फिर से गूंध लीजिए और फिर चकली बनाइए।
- पहले तलकर बाहर निकाली हुई चकली को पूरी तरह से ठंडा होने के बाद परख कर देखिए। अगर ये अंदर से थोड़ी नरम है तो आटे में १-२ टीस्पून गरम तेल (कढ़ाई में से) डालकर मिला लीजिए और फिर चकली बनाइए।
- चकली ठंडी होने के बाद एक हवाबंद डब्बे में बंद कर के रखिए ताकि ये करारी रहें।